औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में शनिवार रात एक शादी समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जयमाला की रस्म के दौरान अचानक घर की छत का छज्जा गिर जाने से शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा पंचायत अंतर्गत मझियावा गांव की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
जयमाला देखने के लिए जुटी थी भीड़
जानकारी के अनुसार गोह प्रखंड के चापुक पंचायत स्थित पकरी गांव से बारात मझियावा गांव पहुंची थी। शनिवार रात करीब 11 बजे जयमाला की रस्म चल रही थी और बाराती तथा गांव के लोग बड़ी संख्या में वहां मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम देखने के लिए कई लोग घर की छत पर भी चढ़ गए थे, जबकि नीचे भी काफी भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक छत का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा।
मलबे में दब गए कई लोग
छज्जा गिरते ही छत पर खड़े लोग और नीचे मौजूद कई बाराती व ग्रामीण मलबे के नीचे दब गए। अचानक हुए हादसे से शादी समारोह में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। लोगों ने मलबा हटाकर उसमें दबे लोगों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों ने खुद पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को निजी वाहनों से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हादसे में गांव के ही रहने वाले सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि छत का छज्जा गिरने से दो लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।
घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पुरानी छत होने की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर की छत गिरी है वह काफी पुरानी थी। जयमाला देखने के लिए जब एक साथ कई लोग छत पर चढ़ गए, तो ज्यादा वजन के कारण छज्जा अचानक गिर गया।
हालांकि प्रशासन की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जहां कुछ ही देर पहले शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं अचानक हुए इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।


