ईरान की राजधानी तेहरान एक बार फिर जोरदार धमाके से दहल उठी। ईरानी सरकारी टेलीविजन की रिपोर्ट के मुताबिक यह विस्फोट शहर के मध्य स्थित आजादी स्क्वायर के पास हुआ, जहां बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा थे।
बताया जा रहा है कि हजारों लोग अमेरिका और इजरायल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए यहां एकत्र हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, उस समय यह खबर भी थी कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई इस रैली में शामिल हो सकते हैं। इसी वजह से वहां सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई थी।
यह रैली रमजान के आखिरी शुक्रवार के अवसर पर आयोजित की गई थी, जिसे ईरान में अंतरराष्ट्रीय क़ुद्स दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन फिलिस्तीन के समर्थन में और अमेरिका-इजरायल के विरोध में रैलियां और प्रदर्शन किए जाते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी भी इस क़ुद्स दिवस रैली में शामिल हुए थे। क़ुद्स दिवस के अवसर पर ईरान के अलावा इराक, लेबनान, पाकिस्तान, भारत और कई यूरोपीय देशों में भी फिलिस्तीन के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
फिलहाल इस धमाके में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। धमाके के तुरंत बाद सुरक्षाबल और राहत दल मौके पर पहुंच गए और घायलों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।


