अदाणी पावर प्लांट के रेल कॉरिडोर और सड़क परियोजना पर जनसुनवाई, 146 एकड़ भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव

पीरपैंती प्रखंड में एसआईए के तहत रैयतों से संवाद, अधिकारियों ने मुआवजा और अधिग्रहण प्रक्रिया की दी जानकारी

भागलपुर: भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड परिसर में प्रस्तावित अदाणी पावर प्लांट से जुड़ी रेल कॉरिडोर और सड़क निर्माण परियोजना को लेकर सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (SIA) के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और एसआईए टीम ने प्रभावित रैयतों से संवाद करते हुए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, मुआवजा व्यवस्था और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय रैयत और ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना के तहत पावर प्लांट तक रेल कॉरिडोर और सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिससे परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

अधिकारियों ने दी परियोजना की विस्तृत जानकारी

कार्यक्रम में अपर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विक्रम भास्कर झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार, बीएसपीजीसीएल के अधिकारी शशिकांत कुमार और दीपक कुमार के साथ-साथ एसआईए रिसर्च संस्थान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर मसखूर हुसैन मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएंगी। साथ ही प्रभावित रैयतों को तय मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।

146 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव

जनसुनवाई के दौरान बताया गया कि प्रस्तावित रेल कॉरिडोर और सड़क निर्माण परियोजना के लिए लगभग 146 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इस परियोजना से कुल 169 रैयतों की जमीन प्रभावित होगी।

यह भूमि हरिणकोल, बंधु जयराम, बसंतपुर और नगर पंचायत पीरपैंती क्षेत्र में स्थित है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में परिवहन और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

रैयतों ने रखे सवाल और सुझाव

जनसुनवाई के दौरान कई रैयतों ने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और परियोजना के सामाजिक प्रभाव को लेकर अपने सवाल और सुझाव समिति के सामने रखे। अधिकारियों और एसआईए टीम ने उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए उन्हें परियोजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई।

साथ ही समिति के सदस्यों ने आश्वस्त किया कि परियोजना के दौरान प्रभावित लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा और सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी।

स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

जनसुनवाई में हरिणकोल के रैयत वीरेंद्र सिंह, मुन्ना सिंह, बसंतपुर के अजय सिंह, कुंजवन्ना के जयंत सिंह, बलवंत सिंह, पंकज सिंह, सोनी सिंह, बमबम सिंह और रत्नेश सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

इसके अलावा हीरानंद क्षेत्र के कांतेश कुंवर, बृजकिशोर कुंवर, शिवनारायण कुंवर और इंदु देवी, बंधुजयराम पंचायत के प्रभु यादव, शिवशंकर यादव, अंकुर कुमार, ब्रजकिशोर और फुलकुमारी देवी के साथ-साथ नगर पंचायत क्षेत्र के निर्मल शाह, विजय कुमार साह, मो. शरीफ अंसारी, मो. महताब आलम और मो. शमीम भी जनसुनवाई में शामिल हुए।

इस अवसर पर हरिणकोल पंचायत के सरपंच वरुण गोस्वामी समेत कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी और परियोजना के अगले चरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।

  • Related Posts

    सज रहा है रेशमी शहर! भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में मचेगी ‘बिहार दिवस’ की धूम; नीली रोशनी से नहाएंगे सरकारी दफ्तर, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच

    Share Add as a preferred…

    Continue reading