मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को लेकर आशंकाएं बढ़ने लगी हैं। इसी को देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय ने पत्र जारी कर अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर संभावित भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से तैयारी रखें।
पुलिस मुख्यालय ने जारी किया निर्देश
मिली जानकारी के अनुसार बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, आईजी और डीआईजी को पत्र भेजकर कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
ऐसी स्थिति में राज्य के कई इलाकों में गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लोगों की भीड़ बढ़ सकती है। इस कारण अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की संभावना है। इसलिए पुलिस और जिला प्रशासन को पहले से ही सतर्क रहने और स्थिति पर निगरानी रखने को कहा गया है।
अफवाहों से बढ़ रही लोगों की चिंता
इधर बाजार में यह चर्चा तेज हो गई है कि आने वाले दिनों में रसोई गैस और ईंधन की कमी हो सकती है। इसी वजह से कई जगहों पर लोग गैस सिलेंडर और ईंधन का स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ राज्यों में कमर्शियल गैस की आपूर्ति सीमित किए जाने की खबरों के बाद लोगों के बीच चिंता और बढ़ गई है। हालांकि केंद्र सरकार की ओर से फिलहाल किसी तरह की कमी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर बढ़ सकती है भीड़
पुलिस मुख्यालय ने अपने निर्देश में कहा है कि यदि आपूर्ति को लेकर अफवाहें फैलती हैं तो लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर पहुंच सकते हैं। इससे भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है।
ऐसी स्थिति में पुलिस प्रशासन को भीड़ प्रबंधन के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया है ताकि किसी तरह की अफरा-तफरी या कानून-व्यवस्था की समस्या न पैदा हो।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर रहेगी नजर
पुलिस मुख्यालय ने यह भी कहा है कि संभावित संकट के दौरान कुछ असामाजिक तत्व जमाखोरी और कालाबाजारी करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही जिला प्रशासन को आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने और लोगों को सही जानकारी देने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह की अफवाह फैलने से रोका जा सके।
सरकार की अपील – अफवाहों पर ध्यान न दें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर गैस या ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल बिहार में गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।


