नवादा, बिहार: जिले के नरहट थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नरहट थाना क्षेत्र के खनवां पथ पर हसनपुरा गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बच्चे को कुचल दिया। मृतक की पहचान नारदीगंज थाना क्षेत्र के इचुआ गांव निवासी कारू राजवंशी के पुत्र आर्यन के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि आर्यन अपने पिता के साथ ससुराल से घर लौटने के लिए ई-रिक्शा पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हिसुआ–खनवां पथ को हसनपुरा गांव के पास जाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से घंटों तक यातायात बाधित रहा और मौके पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही जिला से स्वाट (SWAT) टीम भी पहुंची। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र राजवंशी ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने और स्कूल के पास स्पीड ब्रेकर लगाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
स्कॉर्पियो बरामद, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को बीजू बिगहा गांव के पास लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


