
अहमदाबाद: भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन इस बड़े मुकाबले से पहले एक नया विवाद सामने आया है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने ICC पर पक्षपात का आरोप लगाया है।
वॉन का कहना है कि ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से कई क्रिकेट टीमें अभी भी भारत में फंसी हुई हैं। सुपर-8 में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीम अब तक अपने देश नहीं लौट पाई है, जबकि इंग्लैंड की टीम, जो सेमीफाइनल में हार गई थी, पहले ही घर लौट चुकी है।
माइकल वॉन ने ICC पर साधा निशाना
इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर ने 7 मार्च को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि, “इंग्लैंड गुरुवार को नॉकआउट हुआ और शनिवार को चार्टर फ्लाइट से घर लौट रहा है। वेस्टइंडीज पिछले रविवार को बाहर हो गया और अभी भी कोलकाता में है। साउथ अफ्रीका की भी यही स्थिति है। यहां पावर का गलत इस्तेमाल हो रहा है। ऐसी परिस्थिति में सभी टीमों के साथ समान बर्ताव होना चाहिए। सिर्फ इसलिए कि आप ICC टेबल में अधिक शक्तिशाली हैं, इसका कोई मतलब नहीं है।”
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका 8 मार्च को रवाना
वेस्टइंडीज ने अपना आखिरी मैच 1 मार्च को खेला था, जबकि साउथ अफ्रीका 4 मार्च और इंग्लैंड 5 मार्च को टूर्नामेंट से बाहर हुई। ICC ने शनिवार को तीनों टीमों के लिए चार्टर फ्लाइट का इंतज़ाम किया, लेकिन इंग्लैंड की टीम सीधे लंदन रवाना हो गई, जबकि वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका 8 मार्च को अपने-अपने देश लौटेंगे। फ्लाइट पहले जोहानिसबर्ग जाएगी और उसके बाद एंटीगुआ पहुंचेगी।
डैरेन सैमी ने की मदद की अपील
इससे पहले वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार लगाई थी। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी बयान जारी कर बताया कि टीम की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर कदम उठाया जा रहा है। बोर्ड ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं के कारण अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र पर कुछ प्रतिबंध लगे हुए हैं, जिससे स्थिति जटिल हो गई थी।
लगभग एक सप्ताह भारत में फंसे रहने के बाद अब वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें 8 मार्च को अपने देश लौटने वाली हैं।


