
अहमदाबाद: भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दुनियाभर के करोड़ों फैंस इस मुकाबले पर नजर बनाए हुए हैं। भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश करेगी, जबकि न्यूजीलैंड पहला खिताब अपने नाम करने के लिए उतर रहा है।
मैच से पहले ही अहमदाबाद क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने उस्मानपुरा, गुजरात विद्यापीठ एसटी बस स्टैंड के पास जाल बिछाकर दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से मैच के दो टिकट बरामद हुए, जिन्हें वे मूल कीमत से तीन गुना अधिक यानी प्रति टिकट 10,000 रुपये में बेच रहे थे। पुलिस ने सभी टिकट जब्त कर दिए और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इससे पहले अहमदाबाद पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि ऐसी गतिविधि पकड़ी गई तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को फाइनल मुकाबला देखने के लिए लगभग 1 लाख दर्शक नरेंद्र मोदी स्टेडियम पहुंचेंगे। ऐसे में दलालों को जल्दी मुनाफा कमाने का मौका मिल रहा था। भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरी टी-20 ट्रॉफी जीतने पर है। याद रहे, भारत ने पिछली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।


