
बिहार में होली का खुमार इस बार सियासी फिज़ाओं तक महसूस किया जा रहा है। रंग, अबीर और गुलाल के बीच रिश्तों की मिठास घुली तो एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई। सूबे के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी नन्हीं बेटी कात्यायनी के साथ फागुन का जश्न मनाते नजर आए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में तेजस्वी यादव सादगी और अपनत्व के साथ बेटी को रंग लगाते दिख रहे हैं। कभी गोद में उठाकर दुलार करते हैं, तो कभी मुस्कुराते हुए गुलाल लगाते नजर आते हैं। कात्यायनी भी मासूम अंदाज में रंगों से खेलती दिखाई देती हैं। यह दृश्य सियासत की तल्खियों से परे एक पिता-पुत्री के स्नेहिल रिश्ते को दर्शाता है।
https://www.instagram.com/reel/DVc0BfPgcb2/?igsh=MWw2dmt4MG1hMnlzaQ==
घर में दिखी त्योहार की रौनक
वीडियो में घर का माहौल पूरी तरह होली की उमंग से सराबोर नजर आता है। हंसी, ठिठोली और रंगों के बीच सादगी भरा पारिवारिक जश्न देखने को मिला। समर्थक और शुभचिंतक इस वीडियो को जमकर साझा कर रहे हैं और कमेंट्स के जरिए बधाई दे रहे हैं।
कभी चर्चा में रहती थी ‘कुर्ता फाड़’ होली
गौरतलब है कि एक दौर में लालू प्रसाद यादव के आवास पर होली का जश्न पूरे शबाब पर हुआ करता था। 1997 से 2000 के बीच ‘कुर्ता फाड़ होली’ देशभर में चर्चा का विषय बनती थी। हालांकि चारा घोटाले के बाद परिस्थितियां बदलीं और वैसी रौनक फिर देखने को नहीं मिली।
बदला हुआ दौर, बदला अंदाज़
अब समय के साथ होली मनाने का अंदाज भी बदल गया है। नई पीढ़ी के साथ त्योहारों में पारिवारिक अपनापन और सादगी ज्यादा नजर आती है। तेजस्वी यादव का यह रंगीन लम्हा यही संदेश देता है कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को करीब लाने का भी अवसर है।
फागुन की असली रूह मोहब्बत, मुस्कान और यादगार पलों में ही बसती है।


