कैमूर/भभुआ: बिहार के कैमूर जिले से मानव तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़की को नौकरी का झांसा देकर सीकर ले जाया गया, जहां उसे 2 लाख रुपये में बेच दिया गया और जबरन शादी करा दी गई।
परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
पीड़िता के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला से न्याय की गुहार लगाई थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि चैनपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली उनकी नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाया गया और वहां उसका सौदा कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में चैनपुर थाना अध्यक्ष और महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं।
एक सप्ताह के भीतर किशोरी बरामद
भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने राजस्थान के चूरू जिले के खरियाबाद बस्ती से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने लड़की को जबरन अपने कब्जे में रखने वाले आरोपी सुभाष भामू को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महेश कुमार नामक व्यक्ति ने उससे 2 लाख रुपये लेकर लड़की की शादी कराई थी।
गिरोह के तहत काम करता है मुख्य आरोपी
एसडीपीओ ने बताया कि महेश कुमार एक संगठित गिरोह के तहत काम करता है और इसी मकसद से कैमूर आया था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
आगे की कार्रवाई जारी
बरामद किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने इस सफल कार्रवाई में शामिल टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की है।


