भोजपुरी इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार टुनटुन यादव ने फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर सोशल मीडिया पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने पोस्ट के माध्यम से कहा कि यह फिल्म यादव समाज की प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली प्रतीत होती है।
अपने पोस्ट में टुनटुन यादव ने लिखा—
“मैं ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म का पुरज़ोर विरोध करता हूँ, क्योंकि यह हमारे समाज की प्रतिष्ठा और सम्मान को ठेस पहुँचाने का प्रयास करती हुई प्रतीत होती है। निर्देशक और निर्माता से मेरा विनम्र निवेदन है कि वे पहले यादव समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और योगदान को समझें, उसके बाद किसी भी विषय को पर्दे पर प्रस्तुत करें।यादव समाज का इतिहास वीरता, त्याग और संस्कृति से भरा रहा है। ऐसी किसी भी फिल्म से, जो हमारे समाज की छवि को गलत तरीके से दिखाए, समाज में नकारात्मकता और मतभेद बढ़ सकते हैं। मुझे अपने समाज पर गर्व है, और मैं सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से आग्रह करता हूँ कि इस फिल्म की विषयवस्तु की गंभीर समीक्षा की जाए, ताकि समाज में सौहार्द और सम्मान बना रहे।”
टुनटुन यादव के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। समर्थक जहां उनके रुख का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग फिल्म की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार करने की बात कह रहे हैं। अब देखना होगा कि फिल्म के निर्माता इस विवाद पर क्या स्पष्टीकरण देते हैं और आगे क्या कदम उठाते हैं।


