बांग्लादेश सरकार ने भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट को अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने से रोक दिया है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम बकाया पेमेंट न चुकाने की वजह से उठाया गया है।
इस फैसले के बाद, स्पाइसजेट के कोलकाता से गुवाहाटी और इंफाल की उड़ानों को अब लंबा रूट लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रा समय बढ़ रहा है।
स्पाइसजेट ने कहा – कोई असर नहीं
इकॉनोमिक्स टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन संबंधित अधिकारियों के साथ बकाया पेमेंट को लेकर नियमित बातचीत कर रही है। उन्होंने यह भी कहा:
“ये रूटीन इंडस्ट्री इश्यू हैं और हम इसके जल्द समाधान के लिए काम कर रहे हैं। इससे हमारे फ्लाइट ऑपरेशन पर कोई असर नहीं पड़ा है।”
लंबा रूट अपनानी पड़ रही है
सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश ने बकाया भुगतान न होने के कारण एयरलाइन को एयरस्पेस इस्तेमाल से रोक दिया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि कितनी या किस तरह की पेमेंट बकाया है।
Flightradar24.com के आंकड़ों के मुताबिक, कोलकाता से गुवाहाटी और इंफाल के लिए स्पाइसजेट की उड़ानें अब बांग्लादेशी एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर रही हैं और लंबा रूट अपनाना पड़ रहा है।


