गया, बिहार: जिले में लगातार बच्चों के लापता होने की घटनाओं ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले एक सप्ताह में लगभग एक दर्जन बच्चों के गायब होने की खबरों के बीच ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मारूफगंज रेलवे अस्पताल के पास का सामने आया है, जहां आंख का इलाज कराने आई एक महिला का छोटा बच्चा अचानक लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इलाज के दौरान हुआ लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां अपने परिवार के साथ मानपुर से गया आई थी। परिवार के लोग मारूफगंज रेलवे अस्पताल के पास स्थित डॉ. सदरुल इस्लाम के यहां आंख दिखाने पहुंचे थे। इलाज के दौरान परिवार के सदस्य अस्पताल परिसर में ही मौजूद थे। इसी बीच बच्चा अस्पताल के बाहर निकल गया और अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध महिला
घटना के बाद अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक महिला बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दे रही है। इसके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शक के आधार पर एक महिला को पकड़कर बच्चा चोर होने की आशंका में पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पकड़ी गई महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही थी और वह विक्षिप्त प्रतीत हो रही थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक बच्चे के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस कर रही जांच, तलाशी अभियान जारी
मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध महिला से भी पूछताछ जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। यदि किसी को बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
अभिभावकों में बढ़ी चिंता
लगातार बच्चों के गायब होने की घटनाओं से जिले में भय का माहौल है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को सार्वजनिक स्थानों पर अकेला न छोड़ें और उन पर विशेष नजर रखें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर घटना का कारण बन सकती है।
फिलहाल परिजन बच्चे की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं और पूरे मामले पर जिलेभर की नजर बनी हुई है।


