नालंदा | जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के लोटन गांव में दहेज के लिए एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को बहुआरा गांव के एक खेत में दफन कर दिया और ऊपर से गेहूं की फसल रोप दी, ताकि किसी को शक न हो।
1. 2 महीने से लापता थी सबिता, खेत खोदकर निकाली लाश
मृतका की पहचान लोटन गांव निवासी मनीष कुमार की पत्नी सबिता कुमारी (20) के रूप में हुई है।
- बरामदगी: पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शव खेत में गड़ा है। शनिवार की शाम पुलिस ने जेसीबी से खुदाई करवाई, जहां से सबिता का शव बरामद हुआ।
- पोस्टमार्टम: रविवार (8 फरवरी 2026) दोपहर शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
2. बाइक और सोने की चेन के लिए ली जान
मायके वालों ने बताया कि शादी महज 7 महीने पहले 1 जून 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
- डिमांड: शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले बाइक और सोने की चेन की मांग करने लगे।
- प्रताड़ना: मांग पूरी न होने पर सबिता के साथ मारपीट की जाती थी।
3. फोन बंद हुआ तो भाई पहुंचा, घर में लगा था ताला
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले अचानक सबिता का मोबाइल बंद हो गया। अनहोनी की आशंका पर जब भाई लोटन गांव पहुंचा, तो ससुराल में ताला लटका था और पति समेत सभी लोग फरार थे।
- FIR: थक-हारकर परिजनों ने 5 दिसंबर 2025 को मानपुर थाने में दहेज हत्या का केस दर्ज कराया।
4. पति पहले ही गिरफ्तार, अब मिला शव
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति मनीष कुमार को 14 जनवरी 2026 को ही गिरफ्तार कर लिया था।
- खुलासा: लगातार पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अब शव बरामद कर लिया है।
- आगे की कार्रवाई: पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


