भागलपुर: आपसी विवाद में दारोगा ने सिपाही पर किया चाकू से हमला, हालत नाजुक

बिहार के भागलपुर के नवगछिया पुलिस जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आपसी विवाद में एक दारोगा ने प्रशिक्षु सिपाही पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एएसआई ट्रेनिंग कर रहे सिपाही विशाल कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मजाक से शुरू हुआ विवाद, चाकूबाजी तक पहुंचा

घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित सब्जी मंडी के पास की है। जानकारी के अनुसार, सिपाही विशाल कुमार सिंह छुट्टी से लौटकर ट्रेन से उतरे थे और स्टेशन के पास घूम रहे थे। वहीं पहले से मौजूद दारोगा जयराम मांझी से उनका हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई।

आरोप है कि दारोगा जयराम मांझी ने अचानक चाकू निकालकर विशाल पर हमला कर दिया। हमले में सिपाही के पेट और छाती के पास गंभीर जख्म आए हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल सिपाही को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घायल सिपाही विशाल कुमार ने बताया—

“सुबह दारोगा के साथ हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था। तभी अचानक उन्होंने चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।”

जांच के लिए SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसडीपीओ ओमप्रकाश ने कहा—

“घटना की सूचना मिलते ही जांच टीम गठित कर दी गई है। दारोगा अजीत कुमार ने अस्पताल में घायल सिपाही का फर्द बयान लिया है। पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी नवगछिया नगर थानाध्यक्ष को सौंपी गई है।”

प्रभारी थानाध्यक्ष अजीत कुमार के अनुसार, जख्मों के कारण घायल सिपाही फिलहाल विस्तार से बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।

शराब के नशे में था आरोपी दारोगा

पुलिस के अनुसार, आरोपी दारोगा जयराम मांझी छपरा जिले के ईशुपुर दिखवारा के निवासी हैं, जबकि घायल सिपाही विशाल कुमार आरा के रहने वाले हैं और ढोलबज्जा थाना में पदस्थापित थे। हाल ही में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में हुई थी।

पुलिस ने आरोपी दारोगा को हिरासत में ले लिया है। अस्पताल में मेडिकल जांच के दौरान उनके शराब पीने की पुष्टि हुई है। खाकी के भीतर हुई इस वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।


 

  • Related Posts

    बिहार में डेयरी क्रांति की तैयारी: हर गांव में बनेगी दुग्ध उत्पादन समिति, हर पंचायत में खुलेगा सुधा केंद्र

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    वेटनरी कॉलेज में CM का निरीक्षण: पशुपालन निदेशालय की नई बिल्डिंग देख खुश हुए नीतीश; बोले- चहारदीवारी ऊंची करो, यहां किसानों को मिलेगी ट्रेनिंग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading