भागलपुर।भागलपुर–दुमका मुख्य मार्ग पर बाईपास थाना क्षेत्र के बैजानी पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात बाइक सवार ने सड़क किनारे चल रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना की गश्ती टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एएसआई उमेश शुक्ला, हवलदार हरेंद्र प्रसाद और सिपाही लखन कुमार ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सरकारी वाहन से मायागंज अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर, इलाज जारी
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसकी पहचान भूषण यादव, निवासी गौराचक्की (बाईपास थाना क्षेत्र) के रूप में की गई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।
पुलिस जांच में जुटी
बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि शब-ए-बारात पर्व को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल अलर्ट मोड पर है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में शामिल अज्ञात बाइक सवार की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


