भागलपुर में डायन कहकर हमला… पड़ोसियों ने पूरे परिवार को पीटा, 5 गंभीर घायल

भागलपुर।डायन का आरोप लगाकर एक ही परिवार पर हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चौसा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पड़ोस के लोगों ने लाठी-डंडा और धारदार हथियार से हमला कर पांच लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल (जेएलएनएमसीएच), भागलपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घर में घुसकर की गई मारपीट

घटना में घायल लोगों की पहचान भागो देवी, उनकी बेटियां आरती कुमारी और पूजा कुमारी, पति और बेटे के रूप में हुई है। सभी के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

परिजनों के अनुसार, आरोपित किरो देवी, केली देवी, फूली देवी, बीरन देवी और भूलचरण मंडल ने मिलकर अचानक हमला किया।

“डायन हो, सब खा गई” कहकर देते थे धमकी

घायल भागो देवी ने बताया कि पड़ोसी भूलचरण मंडल लंबे समय से उन्हें “डायन” कहकर प्रताड़ित कर रहा था।
वह अक्सर तलवार और धारदार हथियार लेकर धमकाता था। आरोप है कि हमलावर कहते थे—

“तुमने मेरी बकरी को खा लिया, मेरे बेटे को मार दिया… तुम्हें जिंदा नहीं छोड़ेंगे।”

इलाके में दहशत

घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर का माहौल है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे लोग पुलिस के पास शिकायत करने गए थे, लेकिन पुलिस ने पहले इलाज कराने की सलाह दी है। इलाज के बाद लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

पुलिस जांच की तैयारी

फिलहाल सभी घायलों का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डायन के नाम पर हिंसा की यह घटना एक बार फिर समाज में फैली अंधविश्वास की भयावह सच्चाई को उजागर करती है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading