सेल्समैन बनकर घर में घुसे लुटेरे, महिला को बनाया बंधक.. मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े 5 लाख के गहनों की लूट, इलाके में दहशत

मुजफ्फरपुर।बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने लोगों के भरोसे को ही अपना हथियार बना लिया है। अहियापुर थाना क्षेत्र में सेल्समैन बनकर आए दो बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला को बंधक बना लिया और करीब 5 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।


पहले ‘पाउडर’ दिया, फिर बनाया बंधक

घटना दादर कोलहुआ पैगंबरपुर इलाके की है। पीड़ित अभय कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दो युवक सेल्समैन बनकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उनके पास ऐसा पाउडर है, जिससे सीसा और आभूषण साफ करने पर उनमें बेहतर चमक आएगी।

बातचीत के बाद दोनों युवक घर से बाहर चले गए। करीब 5 मिनट बाद वे दोबारा लौटे और अचानक महिला को बंधक बना लिया। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सारे कीमती गहने समेट लिए और फरार हो गए।


लूटे गए गहनों की सूची

पीड़ित के अनुसार बदमाश जिन आभूषणों को लेकर फरार हुए, उनमें शामिल हैं—

  • एक बड़ा मंगलसूत्र
  • एक छोटा मंगलसूत्र
  • एक टिक्का
  • एक नथिया
  • एक शिकरी
  • एक जोड़ी कान की बाली
  • एक जोड़ी कान के टॉप्स
  • दो अंगूठी
  • दो जितिया
  • दो जोड़ी ढोलना
  • एक जोड़ी चांदी की पायल

कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।


पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के आवेदन के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


सट्टा-जुआ के आरोप में तीन गिरफ्तार

इसी बीच अहियापुर थाना पुलिस ने अलग कार्रवाई में सट्टा और जुआ खेलने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से जुआ खेलने के कूपन, रसीद और 1360 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि जिलेभर में सट्टा-जुआ के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
गलियों और मोहल्लों में गश्त बढ़ाने के साथ ही जेल से छूटे अपराधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।


 

  • ये भी पढ़े..

    BPSC TRE-4 भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान, एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति से बदलेगी बिहार की तस्वीर

    Share Add as a preferred…

    बिहार विधानसभा में सात विधेयकों पर चर्चा से लेकर TRE-4 भर्ती तक, मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में क्या-क्या हुआ?

    Share Add as a preferred…