पटना में “एक शाम सुर-सम्राट रवि के नाम” कार्यक्रम के दूसरे दिन उमड़ा संगीत प्रेमियों का उत्साह
पटना।महान संगीतकार रवि की जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम “एक शाम सुर-सम्राट रवि के नाम” के दूसरे दिन संगीतमय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने श्रोताओं को भावनाओं और यादों की सुरमयी दुनिया में पहुंचा दिया। यह आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड और बिहार संग्रहालय, पटना के संयुक्त सहयोग से हुआ।
इस विशेष म्यूजिकल क्विज में रवि के जीवन, उनके संगीत सफर और कालजयी गीतों से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतियोगिता में चार टीमों—टीम A, टीम B, टीम C और टीम D—ने हिस्सा लिया। पांच राउंड में चले इस मुकाबले में हर सवाल पर दर्शकों की सांसें थमी रहीं।
टीम B ने मारी बाजी
कड़े मुकाबले के बाद टीम B ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस दौरान रेरा के अध्यक्ष सह सदस्य विवेक कुमार सिंह ने अपने संगीत ज्ञान से सभी को प्रभावित किया।
विजेताओं को मिला खास तोहफा
विजेता टीम को पुरस्कार के रूप में देश के प्रसिद्ध इतिहासकार और लेखक मानेक प्रेमचंद ने महान संगीतकार रवि के जीवन पर आधारित अपनी पुस्तक “Soulfully Yours” भेंट की।
मुंबई से आए डॉक्टर ने किया संचालन
पूरे कार्यक्रम का संचालन मुंबई से आए प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन और गायक डॉ. मुकुंद जगन्नाथन ने किया। उन्होंने दर्शकों से भी सवाल पूछे। सही जवाब देने वालों को मंच से चॉकलेट देकर सम्मानित किया गया, जिससे सभागार में उत्साह और भागीदारी का माहौल बना रहा।
संगीत प्रेमियों से भरा सभागार
इस मौके पर प्रोफेसर व ऑडियो-वीडियो कंसल्टेंट कमल मल्होत्रा, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म सलाहकार अरविंद रंजन दास सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, भावनात्मक और मनोरंजक माहौल में संपन्न हुआ और सुर-सम्राट रवि की संगीत विरासत को एक बार फिर जीवंत कर गया।


