
पटना।राजधानी पटना अब देश के बड़े क्रिकेट शहरों की कतार में शामिल होने जा रही है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने राजेन्द्र नगर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है।
शुक्रवार को बीसीए और शिवांश इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड (SIDPL) के बीच 498 करोड़ रुपये की मेगा परियोजना को लेकर औपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए।
दो साल में बनकर होगा तैयार
निर्माण एजेंसी को स्टेडियम और उससे जुड़े सभी ढांचों को पूरा करने के लिए दो साल की समय-सीमा दी गई है। इसके अलावा, एजेंसी को 6 महीने का ग्रेस पीरियड भी मिलेगा।
तीन महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यदि सब कुछ तय समय पर हुआ तो 2029 तक पटना में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और IPL मुकाबले खेले जा सकेंगे।
राजेन्द्र नगर में बनेगा हाईटेक क्रिकेट कॉम्प्लेक्स
यह कॉम्प्लेक्स सिर्फ एक स्टेडियम नहीं, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस एक इंटरनेशनल क्रिकेट हब होगा। इसमें दर्शकों के लिए अत्याधुनिक बैठने की व्यवस्था, फ्लड लाइट्स, ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, पार्किंग, अभ्यास मैदान और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बिहार क्रिकेट को मिलेगा नया मुकाम
इस परियोजना से बिहार के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच मिलेगा और राज्य की खेल पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। बीसीए अधिकारियों का मानना है कि यह स्टेडियम बिहार को क्रिकेट के राष्ट्रीय नक्शे पर मजबूती से स्थापित करेगा।
पटना में पहली बार इंटरनेशनल लेवल का क्रिकेट स्टेडियम बनने से खेल प्रेमियों में भी भारी उत्साह है।


