डिजिटल लाइब्रेरी, स्कूलों में स्मार्ट क्लास और सीसीटीवी के लिए 3.70 करोड़
भागलपुर। जिले के विकास को लेकर एनटीपीसी कहलगांव और जिला प्रशासन के बीच कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत तीन महत्वपूर्ण योजनाओं पर समझौता हुआ है। समीक्षा भवन, भागलपुर में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एनटीपीसी कहलगांव के मुख्य महाप्रबंधक रविंद्र पटेल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।
इस दौरान जिला योजना पदाधिकारी मोनू कुमार और एनटीपीसी कहलगांव के वरीय मैनेजर (एचआर–सीएसआर) के.के. सिंह के बीच फाइलों की औपचारिक अदला-बदली की गई।
इन योजनाओं को मिली स्वीकृति
एमओयू के तहत कुल तीन योजनाओं पर सहमति बनी है—
- भागलपुर डिविजन लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने के लिए 1 करोड़ 20 लाख 17 हजार 400 रुपये।
- जिले के 10 सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय सुविधा और स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए 78 लाख 96 हजार रुपये।
- भागलपुर के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी युक्त स्थायी निगरानी चौकियों की स्थापना के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपये।
अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार शर्मा, एनटीपीसी के एजीएम (एचआर) भास्कर गुप्ता, मनोरंजन सारंगी (एग्जीक्यूटिव–सीएसआर), आदित्य कुमार (एसोसिएटेड–एचआर/एलआर) और एस.के. जायसवाल उपस्थित रहे।
यह एमओयू भागलपुर में शिक्षा, सुरक्षा और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


