पटना में युवक की बेरहमी से हत्या, दोस्तों पर शक; एक आरोपी गिरफ्तार

बिहार की राजधानी पटना में एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। घटना भगवानगंज थाना और दुल्हन बाजार थाना क्षेत्र की सीमा की है, जहां पुनपुन नदी किनारे सरसों के खेत से युवक का शव बरामद किया गया। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर ही हत्या की आशंका जताई है।

दोस्तों ने घर से बुलाकर ले जाने का आरोप

मृतक की पहचान रोशन कुमार (पिता– जललाल रविदास) के रूप में हुई है, जो मसौढ़ी थाना क्षेत्र के देवरिया गांव का निवासी था। मृतक के पिता जललाल रविदास ने बताया कि गुरुवार दोपहर कुछ दोस्त उनके घर आए और रोशन को अपने साथ बुलाकर ले गए।

पूरी रात खोजबीन

परिजनों के अनुसार रोशन गुरुवार को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में पता चला कि उसे गांव में देखा गया था, लेकिन तलाश करने पर उसका कोई सुराग नहीं मिला। मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों ने पूरी रात उसकी खोजबीन की।

चप्पल और टूटा मोबाइल मिलने के बाद शव बरामद

शुक्रवार को खोजबीन के दौरान सड़क किनारे रोशन की एक चप्पल मिली। थोड़ी दूरी पर दूसरी चप्पल और उसका टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद कुछ आगे सरसों के खेत में उसका शव मिला।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के मुंह में मिट्टी भरी हुई थी और गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी।

संदिग्ध चप्पल से खुला सुराग

जिस स्थान पर रोशन की चप्पल मिली, वहीं एक दूसरी चप्पल भी पाई गई, जो मुकेश कुमार नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उस व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया। परिजनों को शक है कि उसी चप्पल के मालिक की इस वारदात में भूमिका हो सकती है।

पुलिस जांच, एक आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की हत्या उसके ही गांव के तीन लोगों ने गला दबाकर की है।

पालीगंज के एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


 

  • ये भी पढ़े..

    OBC छात्राओं के लिए IIT पटना से कोचिंग सहयोग, मेडिकल-इंजीनियरिंग तैयारी को मिलेगा नया बल

    Share Add as a preferred…

    बिहार संग्रहालय बना देश का रोल मॉडल, 9 राज्यों के संग्रहालय विकास में निभा रहा अहम योगदान

    Share Add as a preferred…