एफएसएल को घर के अंदर मिले खून के निशान, पति समेत परिजन संदेह के घेरे में
हाजीपुर (वैशाली)। नगर थाना क्षेत्र के चौहट्टा इलाके में देर रात एक महिला की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुड़िया के रूप में हुई है, जो लोक जनशक्ति पार्टी (आर) की राष्ट्रीय सचिव मोनिका शर्मा की भाभी बताई जा रही हैं। हाई-प्रोफाइल कनेक्शन सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
घर के भीतर हुई वारदात का शक
परिजनों के अनुसार, गुड़िया के सिर में गोली लगी थी। उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लोजपा (आर) के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए।
मृतका के पति अर्जुन पासवान, जो हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में एडीजे-4 के निजी चालक हैं, ने बताया कि वह पत्नी के चिल्लाने की आवाज सुनकर बाहर आए और उसे चापाकल के पास गिरा पाया।
गिलास पर मिले खून के निशान
पुलिस को घटनास्थल से अहम सुराग मिले हैं। एफएसएल टीम ने घर के अंदर रखे एक गिलास पर खून के निशान पाए हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या घर के भीतर हुई और बाद में शव को चापाकल के पास रखकर मामले को भ्रामक रूप देने की कोशिश की गई।
मृतका के पिता ने भी ससुराल पक्ष पर सवाल उठाए हैं।
दो संदिग्ध हिरासत में
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।


