नहर में गिरी कार, दो की मौत.. वैशाली नहर पुल के नीचे मिला वाहन, बिजली विभाग के JE और कर्मी बताए जा रहे मृतक

मुजफ्फरपुर।देवरिया थाना क्षेत्र के एकमा चौक स्थित वैशाली नहर पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक कार पानी में गिरी हुई मिली। कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला।


मृतकों की पहचान की जा रही

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतकों की पहचान बिजली विभाग के JE शनि कुमार और कर्मी अफजल कुमार के रूप में की जा रही है। दोनों मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल उनकी पहचान का सत्यापन किया जा रहा है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।


सुबह खेत जा रहे लोगों ने देखा कार

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह-सुबह खेत की ओर जाते समय उन्होंने नहर के बीचोंबीच कार को पानी में डूबा देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकलवाया।


डिवाइडर तोड़कर गिरी कार, कुहासा बना वजह

ग्रामीणों के अनुसार, कार सड़क पर बने डिवाइडर को तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। मौके पर डिवाइडर क्षतिग्रस्त मिला है। उस समय घना कुहासा छाया हुआ था, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर एसकेएमसीएच पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो पाएगी।


मौके पर उमड़ी भीड़

घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हादसे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading