हेमंत सोरेन ने ‘एक्स’ पर शेयर की फोटो, कहा – “माही से अचानक मिलन हुआ”
रांची।भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अचानक मुलाकात कर सभी को चौंका दिया। इस खास मुलाकात की तस्वीर खुद मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर साझा की।
तस्वीर में सीएम हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और बीच में मुस्कुराते हुए एमएस धोनी नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ मुख्यमंत्री ने लिखा—
“माही से अचानक मिलन हुआ।”
हालांकि इस मुलाकात की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि नए साल के मौके पर दोनों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
दावोस में भी धोनी का कर चुके हैं जिक्र
इस मुलाकात से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान भी एमएस धोनी का नाम लिया था। उन्होंने धोनी को झारखंड की ‘स्पोर्टिंग लीगेसी’ का प्रतीक बताया था।
सीएम ने कहा था कि धोनी जैसे आइकन के साथ मिलकर झारखंड में वैश्विक स्तर की खेल अकादमियां विकसित की जा सकती हैं, जिससे राज्य के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
झारखंड पर्यटन के ब्रांड एंबेसडर बन सकते हैं धोनी
सूत्रों के मुताबिक झारखंड सरकार धोनी को राज्य पर्यटन का ब्रांड एंबेसडर बनाने पर भी विचार कर रही है। इसके साथ ही खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए धोनी के अनुभवों का लाभ लेने की योजना पर भी चर्चा चल रही है।
धोनी और मुख्यमंत्री की यह अचानक मुलाकात अब राजनीतिक और खेल जगत में चर्चा का विषय बन गई है।


