बोले– 5 साल में 1 करोड़ युवाओं को देंगे नौकरी और रोजगार
समस्तीपुर, 29 जनवरी 2026
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के दौरान समस्तीपुर के हाउसिंग बोर्ड मैदान परिसर में जिले में चल रही विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दे रही है। सभी जिलों में उद्योग लगाने के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि बिहार के युवा दक्ष, आत्मनिर्भर और रोजगारयुक्त बन सकें।
सात निश्चय-3 से बदलेगा बिहार
मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 नवंबर 2025 को नई सरकार बनने के बाद सात निश्चय-3 को लागू किया गया है। इसका एक बड़ा उद्देश्य है –
मजबूत आधार और आधुनिक विस्तार।
इसके तहत:
- शहरी क्षेत्रों का विस्तार
- नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास
- 5 नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण
- ग्रामीण सड़कों का दो लेन चौड़ीकरण
- बिजली ढांचे का सुदृढ़ीकरण
- घरों की छतों पर सोलर पैनल
- पर्यटन और इको टूरिज्म का विकास
पर काम तेज़ी से किया जा रहा है।
पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान देने के लिए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। साथ ही पर्यटक सर्किट विकसित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि
- प्रगति यात्रा से स्वीकृत योजनाओं को तेज़ी से पूरा करें
- सात निश्चय-2 की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करें
- सात निश्चय-3 के तहत तय योजनाओं पर तुरंत काम शुरू करें
- सरकार के जनहितकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाएं
जिलाधिकारी ने दी विस्तृत जानकारी
बैठक में समस्तीपुर के जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार और कुमार रवि, दरभंगा प्रमंडल आयुक्त हिमांशु कुमार राय, डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसपी अरविंद प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


