
हाजीपुर (वैशाली):बिहार में अपराधियों का खौफ अब नए और डरावने रूप में सामने आ रहा है। हाजीपुर जिले के महुआ इलाके में अपराधियों ने एक व्यवसायी के परिवार को इस तरह धमकाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने व्यापारी के घर कफन के साथ धमकी भरा पत्र भेजा है। पत्र में इसे ‘छोटा गिफ्ट’ बताया गया, जिसका मतलब समझते ही परिवार की रूह कांप गई।
पहले भी मिल चुकी है चार बार धमकी
पीड़ित व्यवसायी रतन चौधरी के परिजनों के अनुसार, उन्हें इससे पहले भी चार बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। हर बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार मामला और भी खतरनाक हो गया जब कफन के साथ धमकी भरा पत्र घर पहुंचा।

CCTV से बचने के लिए बदमाशों ने बदली जगह
लगातार मिल रही धमकियों के बाद रतन चौधरी ने अपने घर पर CCTV कैमरे लगवाए थे। लेकिन अपराधियों ने इसका तोड़ निकाल लिया।
इस बार कफन और पत्र उनके भाई के घर भेजा गया, ताकि कैमरे में कैद न हो सकें। इससे साफ है कि अपराधी पीड़ित परिवार की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं।
जमीन को लेकर रंजिश की आशंका
बताया जा रहा है कि रतन चौधरी महुआ इलाके के एक समृद्ध परिवार से आते हैं। पहले वे व्यवसाय करते थे, अब खेती-बाड़ी से जुड़े हैं। उनके पास इलाके में काफी जमीन है। आशंका जताई जा रही है कि जमीन विवाद या अवैध कब्जे को लेकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
डायल 112 से मदद मांगने पर भी नहीं मिला सहयोग
परिजनों ने बताया कि जब धमकी भरा पत्र मिलने के बाद डायल 112 पर कॉल की गई तो वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उल्टा परिवार को ही डांट दिया। इससे परिवार और भी भयभीत हो गया है।
बड़ी अनहोनी की आशंका
पत्र में लिखी बातों से यह साफ संकेत मिलता है कि अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए, तो यह मामला किसी बड़ी घटना में बदल सकता है।


