
बांका (भागलपुर) | रजौन
बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब के नशे का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने युवक के साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
घर के पास शराब पीकर गाली-गलौज, विरोध करने पर हमला
घटना महादेवपुर गांव की है। पीड़ित रंजीत दास ने बताया कि गांव का ही बमबम कुमार शराब के नशे में उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला शांत हो गया।
लेकिन अगले दिन बमबम कुमार अपने दो-तीन साथियों के साथ आया और रंजीत दास के साथ मारपीट करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही रंजीत दास ने रजौन थाना को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले रजौन रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
रजौन थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि शराबबंदी के बावजूद गांवों में खुलेआम शराब पीना और विरोध करने वालों पर हमला क्यों हो रहा है।


