
भागलपुर | 29 जनवरी 2026
मालदा मंडल ने भागलपुर–कहलगांव रेल सेक्शन में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर शिकंजा कसते हुए सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान 440 मामलों में ₹3,39,690 का जुर्माना वसूला गया, जो चालू वर्ष में मालदा मंडल द्वारा एक दिन में की गई सबसे अधिक वसूली है।
इन ट्रेनों में हुई सख्त जांच
यह विशेष अभियान विक्रमशिला एक्सप्रेस, पटना–दुमका एक्सप्रेस, अंग एक्सप्रेस, किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस और साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में चलाया गया।
स्क्वॉड ने ट्रेन संख्या 13032 से भागलपुर से कहलगांव तक और वापसी में ट्रेन संख्या 15658 से जांच की। इसके साथ ही भागलपुर स्टेशन पर मजिस्ट्रेट टिकट जांच भी की गई।
अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
टीम का नेतृत्व मुख्य टिकट निरीक्षक दिलीप चौरसिया ने किया। अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी शामिल रहे।
इन कर्मचारियों ने दिखाई सबसे ज्यादा सक्रियता
अभियान में
- मो. रिज़वान अशरफ़ी
- सुभाष झा
- सुप्रिया रानी
ने सबसे अधिक मामले पकड़कर अधिकतम जुर्माना वसूली की।
यात्रियों से अपील
मालदा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें, ताकि रेल व्यवस्था में अनुशासन, सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।


