भोजपुर के लापता टीचर केस में बड़ा खुलासा:CBI ने महिला दरोगा अंजली कुमारी को किया गिरफ्तार, लव अफेयर में हत्या की आशंका

भोजपुर/पटना:भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत कोल्हरामपुर गांव के प्राइवेट टीचर कमलेश राय, जो 13 जुलाई 2023 से लापता हैं, उनके मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने बुधवार को लखीसराय टाउन थाना में पदस्थ महिला दरोगा अंजली कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है।

पटना हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई इस केस की जांच कर रही है। शुरुआती तकनीकी साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और लव ट्रायंगल एंगल सामने आने के बाद यह गिरफ्तारी की गई है। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते कमलेश राय की हत्या कर दी गई, हालांकि अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है।


पहले जानिए अफेयर की पूरी कहानी

कोचिंग में पढ़ाते थे कमलेश

कमलेश राय आरा में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और साथ ही कोचिंग में पढ़ाते भी थे। वहीं उनकी मुलाकात अंजली कुमारी से हुई, जो दरोगा भर्ती की तैयारी कर रही थीं। दोनों एक ही इलाके में किराए के कमरे में रहते थे।

कमलेश दरोगा परीक्षा में एक नंबर से पीछे रह गए, जबकि अंजली का चयन हो गया।

शादी के बाद भी बना रहा संपर्क

कमलेश की शादी 16 मई 2022 को किरण नाम की युवती से हुई थी। शादी से पहले परिवार ने उनसे अफेयर को लेकर पूछा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया था।

परिजनों के अनुसार, शादी से चार दिन पहले अंजली और बक्सर निवासी रूपेश कुमार चौबे कमलेश के घर आए थे। शादी में भी अंजली को विशेष रूप से गाड़ी भेजकर बुलाया गया था।


लापता होने से एक दिन पहले आया था फोन

कमलेश की मां मानती देवी और पिता राजेश राय के मुताबिक,
12 जुलाई 2023 को अंजली का फोन कमलेश के पास आया था। इसके बाद वे दोस्त के बीमार होने का बहाना बनाकर घर से निकले।

अगले दिन 13 जुलाई को पत्नी की दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से महुली घाट गए और फिर कभी वापस नहीं लौटे।

14 जुलाई को बड़हरा थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।


CBI ने ऐसे खोली गुत्थी

पहले रूपेश गिरफ्तार

19 जनवरी 2026 को सीबीआई ने बक्सर निवासी रूपेश कुमार चौबे को गिरफ्तार किया। रिमांड पर पूछताछ में उसने अंजली का नाम उजागर किया।

इसके बाद अंजली गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड और ऑडियो क्लिप मिलने के बाद सीबीआई लखीसराय पहुंची और महिला दरोगा अंजली कुमारी को गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई के बिहार-झारखंड संयुक्त निदेशक राजीव रंजन ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अंजली को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।


2019 बैच की दरोगा है अंजली

अंजली कुमारी भोजपुर के आरा स्थित नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ले की रहने वाली हैं। वे 2019 बैच की दरोगा हैं और फिलहाल लखीसराय में पदस्थ थीं।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद बर्खास्तगी की भी संभावना है।


हत्या की आशंका, लेकिन शव नहीं मिला

सीबीआई को आशंका है कि लव ट्रायंगल में कमलेश राय की हत्या कर दी गई। हालांकि, अब तक कोई ठोस सबूत या शव नहीं मिला है।

एजेंसी भोजपुर और बक्सर इलाके में मिले अज्ञात शवों की भी आधुनिक फोटो सॉफ्टवेयर से पहचान कराने में जुटी है।


हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुई थी CBI जांच

स्थानीय पुलिस की ढिलाई से नाराज परिजनों ने पटना हाईकोर्ट का रुख किया था। इसके बाद 28 फरवरी 2024 को सीबीआई ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।


यह मामला अब लव ट्रायंगल, अपहरण और संभावित हत्या की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में सीबीआई की पूछताछ से और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

  • ये भी पढ़े..

    टीएनबी कॉलेजिएट मैदान में पार्क निर्माण का विरोध, बच्चों के खेल मैदान को बचाने सड़क पर उतरे स्थानीय लोग

    Share Add as a preferred…

    अमडंडा थाना का कथित वीडियो वायरल, थाने के भीतर युवक के नशा सेवन का दावा; पुलिस पर रिश्वत लेकर छोड़ने के आरोप

    Share Add as a preferred…