भागलपुर में अंधविश्वास का कहर: डायन बताकर पति-पत्नी को पीटा, दोनों की हालत गंभीर

भागलपुर में अंधविश्वास और डायन प्रथा का एक और भयावह चेहरा सामने आया है। गोराडीह थाना क्षेत्र के फाजिलपुर डंडा बाजार में डायन होने का आरोप लगाकर पति-पत्नी की बेरहमी से लाठी-डंडों से पिटाई कर दी गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल दंपती की पहचान सुभाष यादव और उनकी पत्नी विशेखा देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों अपने घर पर मौजूद थे, तभी पड़ोस में रहने वाली गोतनी मिला देवी ने विशेखा देवी को डायन बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते-देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपियों ने लाठी-डंडों से दंपती पर हमला कर दिया।

हमले में सुभाष यादव के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे सिर फट गया, वहीं नाक पर भी गहरी चोट लगी है। उनकी पत्नी विशेखा देवी को भी शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जख्म आए हैं। पीड़िता ने बताया कि उनकी गोतनी पहले भी डायन बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती रही है और इसी अंधविश्वास के चलते इस बार जानलेवा हमला किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल मायागंज अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष से लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और डायन प्रथा जैसी कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून और जागरूकता अभियानों के बावजूद ऐसे मामलों का लगातार सामने आना प्रशासन और समाज—दोनों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

  • ये भी पढ़े..

    बीड़ी और खनन श्रमिकों के बच्चों के लिए बड़ी राहत, केंद्र सरकार दे रही 1,000 से 25,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

    Share Add as a preferred…

    पीएम सूर्य घर योजना में बिहार का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा, सरकारी भवनों के सौर ऊर्जाकरण के लिए मिला प्रतिष्ठित सम्मान

    Share Add as a preferred…