बक्सर में अपराधियों का तांडव, किराना व्यवसायी को कनपटी में मारी गोली

बक्सर। बिहार में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला बक्सर जिले से सामने आया है, जहां मंगलवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक किराना व्यवसायी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दुकान बंद करते समय मारी गई गोली

यह वारदात रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र के राजापुर बेनीलाल के डेरा गांव में हुई। घायल व्यवसायी की पहचान स्वर्गीय भुवनेश्वर शाह के 24 वर्षीय पुत्र राकेश गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राकेश रोज की तरह देर रात अपनी दुकान बंद कर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधी मौके पर पहुंचे।

कनपटी पर पिस्टल सटाकर की फायरिंग

अपराधियों ने राकेश की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

स्थानीय लोगों की मदद से घायल राकेश को पहले सिमरी पीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बक्सर सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेज दिया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही रामदास राय के डेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

“एक व्यवसायी को गोली मारी गई है। अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।”
अभिषेक पांडेय, थानाध्यक्ष, रामदास राय के डेरा

लोगों में आक्रोश, परिजन सदमे में

पीड़ित के परिजनों का कहना है कि राकेश गुप्ता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में इस हमले के पीछे की वजह समझ से परे है। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading