बिहार में भीषण सड़क हादसा: बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, DSP की गाड़ी भी चपेट में

पटना: बिहार की राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बालू लदे बेकाबू ट्रक ने पहले एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक ने दानापुर DSP-2 के सरकारी वाहन को भी टक्कर मार दी। यह हादसा बिहटा रेलवे ओवरब्रिज पर हुआ।

DSP बाल-बाल बचे

इस घटना में दानापुर DSP-2 अमरेंद्र कुमार झा बाल-बाल बच गए। गनीमत यह रही कि उन्हें और उनके चालक को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भागने के दौरान मचाया तांडव

जानकारी के मुताबिक, बालू लदा ट्रक सिकरिया गांव की ओर से आ रहा था। घटना से करीब तीन किलोमीटर पहले सिकरिया गांव में ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद ट्रक चालक वाहन को तेज रफ्तार में भगाने लगा।

पुलिस कर रही थी पीछा

बताया जा रहा है कि आईआईटी थाना की पुलिस ट्रक का पीछा कर रही थी। इसी दौरान बिहटा रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक ने एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया। बाइक सवार ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

DSP की गाड़ी को भी मारी टक्कर

हादसे के बाद ट्रक चालक भागने की कोशिश में दानापुर DSP-2 की सरकारी गाड़ी से टकरा गया। उस समय DSP अमरेंद्र कुमार झा आईआईटी थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में जानकारी लेने जा रहे थे

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही बिहटा समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृत युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया,

“रेलवे ओवरब्रिज पर बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। इसी दौरान दानापुर DSP-2 के सरकारी वाहन को भी टक्कर मारी गई। DSP सुरक्षित हैं। मृत युवक की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।”

पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    विधान परिषद में उठा बंद फैक्ट्रियों का मुद्दा, उद्योग मंत्री का बड़ा दावा—अगले सत्र से पहले लगेंगे 1000 उद्योग

    Share Add as a preferred…

    Continue reading