बिहार के पूर्णिया में अपराधियों ने बेखौफ होकर दिनदहाड़े एक बिजनेसमैन के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव के रूप में हुई है। उनके पिता जवाहर यादव पूर्णिया के बड़े मक्का व्यवसायी हैं और गोदाम का संचालन करते हैं। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
इंस्टाग्राम रील विवाद से शुरू हुआ था मामला
घटना मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक स्थित फंड वर्ल्ड पार्क के पास मंगलवार को हुई। फायरिंग में बाल-बाल बचे प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा के दिन इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर सूरज के भाई उदय यादव और उसके दोस्तों का ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह से विवाद हुआ था। उस समय मामला किसी तरह शांत करा दिया गया था।
भाई और दोस्त को बनाया गया बंधक
मंगलवार की सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ब्रजेश और नंदू ने उदय यादव के दोस्त को घेरकर बंधक बना लिया और मारपीट की। सूचना मिलने पर जब उदय वहां पहुंचा, तो उसे भी 20 से 25 लोगों के साथ बंधक बना लिया गया। इसी दौरान उदय ने अपने बड़े भाई सूरज बिहारी को फोन कर पूरी जानकारी दी।
अंधाधुंध फायरिंग, अस्पताल में मौत
सूचना मिलते ही सूरज बिहारी अपने प्राइवेट गार्ड प्रेम कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही वे गाड़ी से उतरे, नंदू और ब्रजेश सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से सूरज गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
“करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें तीन गोली सूरज को लगी। मौके पर ही हालत गंभीर हो गई थी।”
— प्रेम कुमार, प्राइवेट गार्ड
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार और सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
“परिजनों से जानकारी ली गई है। आरोपियों की तलाश जारी है।”
— कौशल कुमार, थानाध्यक्ष, मरंगा
शराब और स्मैक कारोबार से जुड़े होने का आरोप
मृतक के भाई उदय यादव ने ब्रजेश सिंह और नंदू सिंह पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों स्मैक और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हैं। घटना के बाद पूर्णिया सांसद पप्पू यादव और पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा अस्पताल पहुंचे और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े किए।
“हत्या करने वाले शराब के बड़े कारोबारी हैं। सूरज को चार गोली मारी गई और उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी छीन ली गई।”
— पप्पू यादव, पूर्णिया सांसद
सरकार के इकबाल पर सवाल
पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि दिनदहाड़े हत्या सरकार के इकबाल पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की।


