राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग में अधिकारी रह चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद वे भारत आए थे और पिछले 9 दिनों से होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे।
होटल में मिला शव, पुलिस को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद जक्कनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है। होटल कर्मियों के अनुसार, अजय कुमार शर्मा 18 जनवरी की रात करीब 10 बजे होटल पहुंचे थे और तभी से उसी कमरे में ठहरे हुए थे। कमरे का किराया 1500 रुपये प्रतिदिन था।
रविवार को बाहर गए थे, फल मंगवाए थे
होटल कर्मचारी अमित कुमार ने बताया कि रविवार को मृतक किसी काम से बाहर गए थे और शाम 4:28 बजे होटल लौटे। कमरे में पहुंचने के बाद उन्होंने फोन कर कहा कि उन्हें खाना नहीं चाहिए और केवल फल मंगा दिए जाएं। इसके बाद होटल की ओर से केला और संतरा उनके कमरे में भेजा गया।
रात करीब 9 से 10 बजे के बीच मृतक ने दोबारा कॉल कर वाई-फाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी। नेटवर्क में समस्या की जानकारी दिए जाने के बाद फिर कोई कॉल नहीं आया।
सुबह से कोई हलचल नहीं, बढ़ा शक
अगली सुबह से कमरे में कोई गतिविधि नहीं दिखी। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसी दौरान मृतक को कहीं ले जाने वाले ड्राइवर ने भी होटल में फोन कर बताया कि अजय कुमार शर्मा कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं। इसके बाद होटल कर्मियों को अनहोनी की आशंका हुई।
पुलिस ने खोला कमरा, जांच शुरू
दोपहर करीब 3 बजे जक्कनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर जांच की, जहां अजय कुमार शर्मा का शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर सदर एएसपी अभिनव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल कर्मियों और मालिक से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज व एंट्री-एग्जिट रजिस्टर की जांच की।
भारतीय मुद्रा और ब्रिटिश पाउंड बरामद
पुलिस को मृतक के पास से एक सूटकेस मिला, जिसमें उनके परिवार से संबंधित दस्तावेज मौजूद थे। इन्हीं के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मृतक के पास से भारतीय मुद्रा और ब्रिटिश पाउंड भी बरामद हुए हैं, जिनकी विधिवत जब्ती सूची बनाई गई है।
पुलिस का बयान
जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा,
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”


