5 साल में विकसित बिहार! समृद्धि यात्रा के मंच से नीतीश का बड़ा ऐलान – महिलाओं को मिलेंगे 2 लाख, युवाओं को रोजगार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। दूसरे फेज के पहले दिन मुख्यमंत्री ने मधुबनी जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान सीएम ने एक बार फिर दावा किया कि अगले पांच वर्षों में बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा किया जाएगा

मधुबनी को विकास योजनाओं की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने मधुबनी में 298 करोड़ रुपये की लागत से 101 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही 93 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 294 योजनाओं का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने योजनाओं की समीक्षा की और स्थानीय लोगों से संवाद किया।

महिलाओं को मिलेंगे 2 लाख रुपये

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्षों के लिए ‘सात निश्चय-3’ की रूपरेखा तैयार की जा रही है, जिसके तहत सात प्रमुख बिंदुओं पर काम होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस ‘दोगुना रोजगार और दोगुनी आय’ पर है।
सीएम ने बताया कि महिला सशक्तिकरण के लिए पहले 10-10 हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है और अब रोजगार बढ़ाने के लिए महिलाओं को 2-2 लाख रुपये दिए जाएंगे।

नीतीश कुमार ने कहा,
“जो काम किए गए हैं, वे सबके लिए किए गए हैं। लोगों से बातचीत के आधार पर योजनाएं बनाई जा रही हैं। सात निश्चय-3 के तहत महिलाओं को आर्थिक मदद दी जाएगी और युवाओं को नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।”

केंद्र सरकार के सहयोग का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2024 के बजट में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए विशेष आर्थिक सहायता दी गई। वहीं फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट स्थापना और पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की गई। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

लालू-राबड़ी शासन पर निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के दौर में न तो महिलाओं के लिए और न ही युवाओं के लिए कोई ठोस काम हुआ।

पहले चरण में कहां-कहां पहुंचे थे मुख्यमंत्री

समृद्धि यात्रा के पहले चरण में मुख्यमंत्री ने पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर और वैशाली का दौरा किया था। यह चरण 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चला।
दूसरे चरण के तहत 27 जनवरी को मधुबनी, 28 जनवरी को दरभंगा और 29 जनवरी को समस्तीपुर का दौरा प्रस्तावित है।


 

  • Related Posts

    पटना के युवाओं के लिए ‘गुड न्यूज’! दीघा में खुला नौकरियों का पिटारा; फ्लिपकार्ट-स्टारबक्स जैसी बड़ी कंपनियों ने 131 चेहरों पर लगाई मुहर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading