समृद्धि यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत आज से, मिथिलांचल को 391 करोड़ की सौगात देंगे सीएम नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले चरण की समृद्धि यात्रा पूरी करने के बाद आज से दूसरे चरण की यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। दूसरे चरण की शुरुआत मिथिलांचल से होगी, जहां मुख्यमंत्री सबसे पहले मधुबनी जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जिले को कुल 391 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे।

101 योजनाओं का शिलान्यास, 294 का उद्घाटन

मुख्यमंत्री मधुबनी में 298 करोड़ रुपये की लागत से 101 योजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जबकि 93 करोड़ रुपये की लागत से 294 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही वे विकास योजनाओं का निरीक्षण, समीक्षा और आम लोगों से संवाद भी करेंगे।

कार्यक्रम में शामिल होंगे दोनों उपमुख्यमंत्री

मधुबनी में समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के अलावा स्थानीय सांसद, विधायक, विधानमंडल के सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

पहले चरण में 9 जिलों का दौरा

मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा का पहला चरण 16 जनवरी से 24 जनवरी तक चला था, जिसमें उन्होंने बिहार के नौ जिलों का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन जिलों को सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी थी।

दूसरे चरण में तीन जिलों का दौरा

दूसरे चरण में मुख्यमंत्री मिथिलांचल के तीन जिलों की यात्रा करेंगे।

  • 28 जनवरी को दरभंगा
  • 29 जनवरी को समस्तीपुर

इन जिलों में भी सैकड़ों करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

मिथिलांचल में NDA का मजबूत प्रदर्शन

लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मिथिलांचल क्षेत्र में एनडीए का प्रदर्शन शानदार रहा है। दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर की कुल विधानसभा सीटों में से अधिकांश पर एनडीए को जीत मिली है। मधुबनी जिले की 10 विधानसभा सीटों में से 9 सीटों पर एनडीए का कब्जा है। इसी कारण सरकार का इस क्षेत्र पर विशेष फोकस माना जा रहा है।

मधुबनी यात्रा को लेकर खास महत्व

विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री की मधुबनी यात्रा को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं में भी बीते कुछ वर्षों से मिथिलांचल को विशेष प्राथमिकता मिली है। साथ ही जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का यह क्षेत्र होने के कारण भी इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री मधुबनी की जनता के प्रति आभार भी व्यक्त करेंगे।


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading