पटना: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता के अनुरूप, दिनांक 24 जनवरी 2026 को ऊर्जा ऑडिटोरियम, शास्त्री नगर, पटना में रोजगार मेला (18th Tranche) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय सुरक्षा बलों सहित विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
पटना में आयोजित इस रोजगार मेले में भारत सरकार के 11 विभिन्न विभागों में चयनित कुल 447 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यह कार्यक्रम देशभर में एक साथ पटना सहित 45 स्थानों पर आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 भारत के लिए एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी के बाद का यह समय चयनित अभ्यर्थियों के जीवन में भी नए वसंत के आगमन का संकेत देता है। प्रधानमंत्री ने नियुक्ति पत्रों को केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की यात्रा का संकल्प पत्र बताते हुए कहा कि ये पत्र युवाओं के आत्मविश्वास और देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को कौशल से जोड़ना, उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सरकारी भर्तियों को मिशन मोड में संचालित करने के लिए रोजगार मेला की शुरुआत की गई, ताकि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और व्यापक बन सके।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा किए जा रहे वैश्विक व्यापार समझौतों से भारत की युवा शक्ति को देश और विदेश में नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं। साथ ही, आधुनिक बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर किए जा रहे निवेश से निर्माण सहित कई क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर रोजगार का सृजन हो रहा है।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने “नागरिक देवो भव:” के मंत्र के साथ सभी चयनित अभ्यर्थियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सभी युवाओं से इस राष्ट्रीय लक्ष्य में योगदान देने की अपील की।
पटना में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री, भारत सरकार रहे। उन्होंने अपने करकमलों से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चयनित कार्मिकों से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में माननीय मंत्री के साथ श्री निशीत कुमार उज्ज्वल (भा.पु.से.), महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत पटना, श्री रुडोल्फ अल्वारेस (भा.पु.से.), उप-महानिरीक्षक, श्री के. रंजीत, उप-महानिरीक्षक, श्री एच. जितेन सिंह, उप-महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत पटना सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।


