भागलपुर संसदीय क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। नवगछिया रेलवे स्टेशन पर अब तीन नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कर दिया गया है। इससे न केवल यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि नवगछिया में इन आधुनिक ट्रेनों का ठहराव हमारे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम है। इससे रोजगार, व्यापार और आवागमन के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अलीपुरद्वार–पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस (11031/11032) का शुभारंभ किया। वहीं शेष दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन 18 जनवरी 2026 को किया जाएगा।
नवगछिया स्टेशन पर ठहराव वाली ट्रेनें इस प्रकार हैं—
• अलीपुरद्वार–पनवेल (मुंबई) अमृत भारत एक्सप्रेस (11031/11032)
आगमन समय: शाम 7:40 बजे — प्रारंभ: 17 जनवरी 2026
• कामाख्या–रोहतक साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस (15671/15672)
आगमन समय: रात 11:22 बजे — प्रारंभ: 18 जनवरी 2026
• डिब्रूगढ़–गोमती नगर (लखनऊ) साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस (15949/15950)
आगमन समय: दोपहर 2:55 बजे — प्रारंभ: 19 जनवरी 2026
इन ट्रेनों के ठहराव से नवगछिया, भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अब देश के प्रमुख महानगरों से सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी।
सांसद अजय कुमार मंडल ने भरोसा दिलाया कि आगे भी भागलपुर संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास और रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


