
भागलपुर | जिले के घोघा थाना क्षेत्र के इंग्लिश फरका के पास रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग दुर्घटना का शिकार हो गए। इस हादसे में 44 वर्षीय रेखा दूबे और सात माह की मासूम बच्ची इयारा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
भागलपुर स्टेशन से घर लौटते समय हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, तीनों बहनें अपने भाई शिवांश दूबे के साथ दानापुर–भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से भागलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। वहां से उन्होंने घोघा स्थित अपने घर जाने के लिए ऑटो रिजर्व किया। देर रात जब उनका ऑटो इंग्लिश फरका के पास पहुंचा, तभी सामने से तेज रफ्तार हाईवा ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर महिला की मौत, अस्पताल में मासूम ने तोड़ा दम
टक्कर इतनी भीषण थी कि रेखा दूबे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल ऋचा दूबे, प्रगति मिश्रा, सात माह की बच्ची इयारा और शिवांश दूबे को आनन-फानन में भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान देर रात करीब एक बजे डॉक्टरों ने मासूम इयारा को भी मृत घोषित कर दिया।
ऋचा की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
घायलों में ऋचा दूबे की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है। परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां मातम का माहौल छा गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
लालूचक निवासी परिजन शुभम मिश्रा ने बताया कि पूरा परिवार रेलवे स्टेशन से ऑटो के जरिए घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। कुछ ही पलों में परिवार ने दो अपनों को खो दिया, जबकि अन्य सदस्य जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। हाईवा चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


