9 सेकंड का खौफनाक मंजर: रॉन्ग साइड से आ रही कार ने साइकिल सवार को मारी जोरदार टक्कर, CCTV में कैद हुआ हादसा

भागलपुर : भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन रोड पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने साइकिल से जा रहे युवक को जबरदस्त टक्कर मार दी। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि युवक हवा में उछल गया

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महज 9 सेकंड के भीतर तेज गति से आ रही कार किस तरह साइकिल सवार युवक को टक्कर मारती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक साइकिल समेत हवा में उछलकर कई फीट दूर जा गिरा। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग सहम गए।

कार चालक बाल-बाल बचा, युवक की हालत गंभीर

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार भागलपुर के किसी डॉक्टर की बताई जा रही है। टक्कर के दौरान कार का एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई, लेकिन साइकिल सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

पुलिस की देरी से लोगों में नाराजगी

हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद स्थानीय लोग घायल युवक की मदद में जुटे रहे, लेकिन करीब एक घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि यदि समय पर पुलिस और एंबुलेंस पहुंचती, तो राहत कार्य और तेज हो सकता था।

यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

यह हादसा एक बार फिर शहर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग और लचर यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस लाइन रोड पर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

बाइट – रंजीत मंडल (प्रत्यक्षदर्शी):
“कार बहुत तेज रफ्तार में रॉन्ग साइड से आ रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक हवा में उछल गया। हादसे के बाद लोग मदद करते रहे, लेकिन पुलिस काफी देर से पहुंची।”

फिलहाल पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

  • Related Posts

    कल्याण विगहा में ‘निशांत’ उदय! पूर्वजों के आशीर्वाद से शुरू किया सियासी सफर; समर्थकों ने लगाए ‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारे, क्या नीतीश के उत्तराधिकारी तैयार हैं?

    Share Add as a preferred…

    Continue reading