बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में भू-माफियाओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जमीन विवाद को लेकर हो रही हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला चनपटिया प्रखंड के सिरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सेनवारिया बिजवानिया गांव का है, जहां दबंगों ने जमीन विवाद में एक बुजुर्ग महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
55 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या
मृतका की पहचान रामचंद्र महतो की पत्नी झांमाकालो देवी (55) के रूप में हुई है। घटना 4 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद को लेकर दबंग पक्ष ने अचानक महिला पर हमला कर दिया।
लाठी-डंडों से बेरहमी से की गई पिटाई
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से झांमाकालो देवी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की बहू शोभा महतो ने बताया कि पड़ोसी महातम यादव अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर हमला किया। आरोपियों में मुकेश, महातम, अमरेश, नितेश और एक अन्य भतीजा शामिल है।
शोभा महतो, बहू (मृतका):
“जमीन की नापी चल रही थी। ईंट हटाने को लेकर बहस हुई और फिर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। मेरी सास को इतनी बुरी तरह मारा गया कि उनकी मौत हो गई। पहले भी वे लोग कहते थे कि इस जमीन के लिए एक हत्या जरूर होगी।”
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिरसिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया गया है। सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
बमबम कुमार, एएसआई, डायल 112:
“सूचना मिली थी कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई है। मौके पर पहुंचने पर महिला जमीन पर मृत पाई गई। वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।”
भू-माफिया पर कब कसेगा शिकंजा?
इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेतिया में लगातार भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ रहा है और पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। हाल ही में मंत्री नारायण प्रसाद भी पुलिस पर भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगा चुके हैं। सवाल यह है कि आखिर कब भू-माफियाओं पर सख्त कार्रवाई होगी।


