
भागलपुर: खेल विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत नाथनगर प्रखंड के उच्च विद्यालय शाहपुर स्थित खेल मैदान में निर्माणाधीन आउटडोर स्टेडियम का आज स्थल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण निगम, भागलपुर के उप महाप्रबंधक श्री प्रतीक कुमार ने बताया कि स्टेडियम के निर्माण स्थल को लेकर कुछ ग्रामीणों में असंतोष की स्थिति थी। इसको ध्यान में रखते हुए खेल प्रेमियों, स्थानीय खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा स्टेडियम निर्माण से क्षेत्र को होने वाले दीर्घकालिक लाभों से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान निर्माणाधीन स्टेडियम के प्रवेश द्वार की दिशा, पवेलियन के स्थान सहित अन्य संरचनात्मक पहलुओं पर आपसी सहमति से चर्चा की गई। चर्चा उपरांत स्थल का निर्धारण कर निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण कार्य को शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में यह भी जानकारी दी गई कि स्टेडियम की चारदीवारी का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह निर्णय लिया गया कि चारदीवारी का निर्माण सड़क से लगभग 30 से 40 फीट की दूरी पर किया जाएगा, जिससे भविष्य में खेल आयोजनों के दौरान पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शारीरिक शिक्षक, कई खेल प्रेमी, स्थानीय खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिला खेल पदाधिकारी श्री जय नारायण कुमार ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में भागलपुर जिले के कुल 07 प्रखंडों – खरीक, नारायणपुर, इस्माइलपुर, रंगरा चौक, सन्हौला, नाथनगर एवं गोराडीह में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत आउटडोर स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सभी प्रखंडों से स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव गत वर्ष जिला पदाधिकारी, भागलपुर के माध्यम से खेल विभाग को भेजा गया था, जिसे विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रत्येक प्रखंड में लगभग 02 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिससे जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के अवसर उपलब्ध होंगे।


