पटना। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति और भाजपा नेता गिरधारी लाल साहू के बयान ने बिहार में राजनीतिक भूचाल मचा दिया है। साहू का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वे कथित तौर पर कह रहे हैं कि “बिहार से 20-25 हजार रुपये में लड़कियां शादी के लिए आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं।” इस बयान को बिहार की बेटियों की अस्मिता पर हमला माना जा रहा है।
सियासी प्रतिक्रियाएं
इस टिप्पणी के बाद राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। सहरसा से विधायक और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के प्रमुख I.P. गुप्ता ने साहू को बिहार लाने वाले व्यक्ति को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया के जरिए भाजपा पर तीखा हमला किया और कहा कि “भाजपा नेताओं की यही सोच है, जो महिलाओं और बिहार को इस नजरिए से देखते हैं।” केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए उत्तराखंड सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, बिहार भाजपा और जदयू के प्रवक्ताओं ने बयान को गलत बताया और अपनी नाराजगी जाहिर की।
सफाई और माफी
मामले के बढ़ते विवाद के बाद गिरधारी लाल साहू ने माफी मांगते हुए कहा कि उनके शब्दों को गलत तरीके से पेश किया गया। हालांकि, बिहार के कई नेताओं का कहना है कि केवल माफी मांग लेने से बेटियों का अपमान कम नहीं होता।


