लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव पर गोलियों के निशान पाए गए हैं। परिजनों ने हत्या का आरोप मृतक के एक रिश्तेदार और उसके साथियों पर लगाया है। घटना जिले के दियारा क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर से बुलाकर ले गया, फिर नहीं लौटा
मृतक की पहचान राजेश कुमार के इकलौते बेटे पीयूष कुमार के रूप में हुई है। मृतक के मामा सतीश कुमार ने बताया कि परिवार का ही एक सदस्य राहुल कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ पीयूष को चारा काटने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद पीयूष देर शाम तक घर नहीं लौटा, जिससे परिजनों को चिंता होने लगी।
दियारा क्षेत्र से मिला शव
परिजनों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे पीयूष के चाचा ब्रजेश कुमार ने पिपरिया थाना को इसकी सूचना दी। राहुल कुमार से पूछताछ की गई, लेकिन उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद पीयूष की मां इंदु देवी और बहन सोनाली कुमारी स्थानीय पुलिस के साथ दियारा क्षेत्र में खोजबीन करने लगीं। इसी दौरान दियारा कोलवा कारू स्थान के पास पीयूष का शव बरामद हुआ।
शरीर पर मिले गोली के निशान
मृतक के शरीर पर कई जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग
पीयूष के चाचा ब्रजेश कुमार ने बताया कि पीयूष के पिता की मौत काफी पहले दिल का दौरा पड़ने से हो चुकी थी। कम उम्र में ही पीयूष परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिवार में मां, बहन और दादा ही बचे हैं। परिजनों ने राहुल कुमार और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
पिपरिया थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई जख्म के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।


