कड़ाके की ठंड में वी केयर संस्था का सराहनीय प्रयास, तीन दिवसीय कंबल वितरण अभियान का हुआ समापन

भीषण ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से वी केयर संस्था द्वारा जरूरतमंद, गरीब और असहाय लोगों के बीच चलाया गया तीन दिवसीय कंबल वितरण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस अभियान के तहत संस्था के सदस्यों ने शहर के अलग-अलग इलाकों में जाकर ठिठुरते लोगों को कंबल वितरित किए।

संस्था की लगभग 15 से 20 सदस्यों की टीम ने एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों के माध्यम से रात के समय शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बेसहारा लोगों को कंबल प्रदान किए। अभियान के दौरान खास तौर पर सड़क किनारे रहने वाले असहाय लोग, रिक्शा चालक, मजदूर और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजन इस सहायता से लाभान्वित हुए।

अभियान के अंतिम दिन आदमपुर, कचहरी क्षेत्र, तिलकमंझी और मायागंज अस्पताल के विभिन्न वार्डों में ठंड से जूझ रहे मरीजों एवं उनके परिजनों के बीच कंबल वितरित किए गए। इसके साथ ही देर रात्रि शहर के विभिन्न इलाकों में जरूरतमंद असहाय लोगों और रिक्शा चालकों को भी ठंड से बचाव के लिए कंबल दिए गए।

वी केयर संस्था के संस्थापक नितेश चौबे ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक संस्था के सदस्य प्रतिदिन रात में मोटरसाइकिल से शहर का भ्रमण कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और उन्हें ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इस ठंड में बिना सहायता के न रहे। आगे भी यदि कहीं कोई असहाय व्यक्ति ठंड से जूझता हुआ नजर आए तो उसकी जानकारी संस्था को दी जाए, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

संस्थापक नितेश चौबे ने इस मानवीय अभियान में आर्थिक सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्य संभव हो पाते हैं।

अभियान के अंतिम दिन इस सेवा कार्य में संस्थापक कुश मिश्रा, गौतम, रिशांत श्रीवास्तव, संस्था अध्यक्ष अरिजीत घोष, संयुक्त सचिव आयुष, संयोजक अभिषेक गोस्वामी, नितेश पांडेय, नितेश साह, अभिज्ञान, यश मिश्रा, डॉक्टर शुभम दत्ता, जितेंद्र, सुभोजीत मुखर्जी, चंदन गुप्ता सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

वी केयर संस्था का यह प्रयास समाज में मानवता और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

  • Related Posts

    कल्याण विगहा में ‘निशांत’ उदय! पूर्वजों के आशीर्वाद से शुरू किया सियासी सफर; समर्थकों ने लगाए ‘भावी मुख्यमंत्री’ के नारे, क्या नीतीश के उत्तराधिकारी तैयार हैं?

    Share Add as a preferred…

    Continue reading