भागलपुर में 5 जनवरी को भूमि सुधार जन कल्याण संवाद उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे आमजनों की समस्याएं, राजस्व कार्यों की होगी व्यापक समीक्षा

पटना, 03 जनवरी 2026:
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार सरकार द्वारा आमजनों को विभाग से जुड़ी सेवाएं समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 5 जनवरी 2026 को भागलपुर में “भूमि सुधार जन कल्याण संवाद” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम टाउन हॉल, भागलपुर में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, श्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव श्री सी. के. अनिल, सचिव श्री गोपाल मीणा, विशेष सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, अपर सचिव श्री आजीव वत्सराज, उप निदेशक श्रीमती मोना झा, सहायक निदेशक श्री सुधांशु शेखर, श्री सुमित कुमार आनंद, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अनुपम प्रकाश, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री जूही कुमारी, आईटी मैनेजर श्री आनंद शंकर सहित राजस्व मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

प्रथम पाली: आम जनता से सीधा संवाद

भूमि सुधार जन कल्याण संवाद की प्रथम पाली पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें आम नागरिकों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित विभाग से संबंधित सभी ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं पर विचार किया जाएगा।

विशेष रूप से चयनित आवेदनों पर अंचलवार चर्चा की जाएगी, जिसमें संबंधित अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी को आवेदनकर्ता के समक्ष बैठाकर समस्या का त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। इस सत्र में संबंधित सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।

आवेदन पंजीकरण की व्यवस्था

जन कल्याण संवाद में शामिल होने वाले आवेदकों का पंजीकरण सुबह 09:00 बजे से 10:30 बजे तक टाउन हॉल परिसर में अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर किया जाएगा।
आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, स्पष्ट पता एवं मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा, जिससे आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जा सके।

आवेदकों से यह भी अनुरोध किया गया है कि जिस समस्या के समाधान हेतु वे जन कल्याण संवाद में आ रहे हैं, यदि उस संबंध में पूर्व में किसी अधिकारी को आवेदन दिया गया हो, तो उसकी प्रति भी अवश्य संलग्न करें।

महत्वपूर्ण है कि प्राप्त सभी आवेदनों को पोर्टल पर अपलोड कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

द्वितीय पाली: राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक

द्वितीय पाली अपराह्न 3:30 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक टाउन हॉल, भागलपुर में राजस्व विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त, जिला समाहर्ता, अपर समाहर्ता, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी शामिल होंगे।

बैठक में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी सहित सभी ऑनलाइन सेवाओं की आंकड़ों के साथ विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही अभियान बसेरा–2 की प्रगति की भी विशेष रूप से समीक्षा होगी।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य

दिनांक 5 जनवरी 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान सभी अंचलाधिकारी, सभी अमीन एवं सभी राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
केवल चिकित्सा अवकाश एवं उपार्जित अवकाश को छोड़कर पूर्व में स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त माने जाएंगे

साथ ही, 75 दिनों से अधिक लंबित सभी दाखिल-खारिज आवेदनों के प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन का निर्देश दिया गया है।
महाअभियान से संबंधित सभी दस्तावेजों को स्कैन कर सोमवार की समीक्षा बैठक से पूर्व पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।

भूमि सुधार से प्रशासन बनेगा अधिक पारदर्शी

माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का मुख्य उद्देश्य आमजनों को समय सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराना, भूमि अभिलेखों को अद्यतन करना तथा भूमि विवादों में कमी लाना है। इससे राज्य में चल रहे भूमि सर्वेक्षण कार्य को भी गति मिलेगी।

उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से संबंधित कार्यों के लिए किसी भी नागरिक को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। राज्य के सभी जिलों में राजस्व ग्रामवार कार्यों की समीक्षा की जा रही है और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।

यह समीक्षा अभियान प्रधान सचिव श्री सी. के. अनिल के नेतृत्व में लगातार जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना है।

  • Related Posts

    सारण में ज्वैलरी शॉप से 20 लाख की लूट: 5 बदमाशों ने गन प्वाइंट पर जेवर समेटे; एक बाहर फायरिंग करता रहा, 4 ने अंदर दुकान साफ कर दी

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    भागलपुर में संडे नाइट ‘क्राइम’:एकचारी स्टेशन के पास नाबालिगों की पार्टी में चलीं गोलियां, ट्रेन आते ही मची भगदड़; मोजाहिदपुर में बम के सामान के साथ 5 धराए

    Share Add as a preferred…

    Continue reading