मध्य विद्यालय नूरपुर हरिजन से मिड-डे मील का 10 बोरी चावल चोरी, थाने में दर्ज कराई गई शिकायत

भागलपुर, नाथनगर: भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय नूरपुर हरिजन में चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर में घुसकर मिड-डे मील योजना के तहत संग्रहित 10 बोरी चावल चोरी कर लिया। इस घटना से विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठंड के कारण विद्यालय अवकाश पर था। इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने विद्यालय का मुख्य ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी की जानकारी विद्यालय सचिव के पति द्वारा फोन के माध्यम से प्रधानाध्यापक को दी गई, जिसमें बताया गया कि स्कूल का ताला टूटा हुआ है।

सूचना मिलने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री राजीव कुमार सिंह तत्काल विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि स्टोर रूम का ताला टूटा हुआ है और मिड-डे मील योजना के अंतर्गत रखा गया 10 बोरी चावल गायब है।

थाने में दी गई लिखित शिकायत, जांच में जुटी पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक द्वारा मधुसूदनपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की जानकारी दी गई। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों की जांच की जा रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विद्यालय में हुई इस चोरी की घटना ने मिड-डे मील योजना की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

विद्यालय प्रशासन ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

  • Related Posts

    भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 6 किलो गांजा के साथ दो महिला तस्कर गिरफ्तार

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    बिहार की ‘जल-शक्तियों’ को सलाम! बापू टावर में गूंजा ‘हर घर नल का जल’ का नारा; महिला पंप ऑपरेटरों ने बदली गांवों की तस्वीर

    Share Add as a preferred…

    Continue reading