पटना में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज वारदात, 16 वर्षीय किशोर की गला घोंटकर हत्या, 2 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरकुरी गांव में ऑनर किलिंग जैसी एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 16 वर्षीय किशोर गोलू की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के महज दो घंटे के भीतर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनूप को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतक का उसकी बहन के साथ प्रेम प्रसंग था, जिससे वह नाराज चल रहा था।

चेतावनी के बावजूद नहीं माना, इसलिए रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी अनूप ने बताया कि उसने गोलू को अपनी बहन से दूर रहने के लिए 8 से 10 बार चेतावनी दी थी। मोहल्ले में हो रही चर्चा और तानों के कारण वह मानसिक दबाव में था। तीन दिन पहले भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच झड़प और मारपीट हुई थी। आरोपी ने गोलू को जान से मारने की धमकी भी दी थी, लेकिन जब नए साल के दिन भी वह उसकी बहन से मिलने पहुंचा, तो अनूप ने उसे रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।

घर में घुसकर गला दबाकर की हत्या

घटना के दिन आरोपी अनूप अपने कुछ दोस्तों के साथ गोलू के घर पहुंचा। घर के अंदर से दरवाजा बंद कर उसने गोलू का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी बाहर से कुंडी लगाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटनास्थल से एक संदिग्ध जैकेट भी बरामद हुई है। जब पुलिस ने घर में प्रवेश किया तो गोलू का शव अंदर पड़ा मिला, जिसके गले पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान थे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

फुलवारी शरीफ थाना प्रभारी गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि लड़की और उसके परिजनों के बयान के आधार पर तत्काल छापेमारी की गई, जिसके बाद दो घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस हत्या में आरोपी के साथ और कौन-कौन शामिल था। शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


 

  • Related Posts

    राज्यस्तरीय रग्बी प्रतियोगिता के लिए भागलपुर की टीम नवादा रवाना, खिलाड़ियों में उत्सा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading
    पीरपैंती में जर्जर सड़क से बढ़ी परेशानी: वार्ड 7 और 8 में टूटा नाला बना हादसों का कारण

    Share Add as a preferred…

    Continue reading