नए साल 2026 का आगमन हो चुका है। नववर्ष के स्वागत में देश-प्रदेश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक जश्न का माहौल देखने को मिला। 31 दिसंबर की रात से ही लोग अलग-अलग तरीकों से नए साल का स्वागत करते नजर आए। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने देश और प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए लिखा—
“आप सभी को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं! आगामी वर्ष आपके लिए अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए, आपके प्रयासों में सफलता और आपके सभी कार्यों में पूर्णता प्रदान करे। हमारे समाज में शांति और सुख के लिए प्रार्थना करता हूं।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नववर्ष के अवसर पर देश और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा—
“नव वर्ष के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से कामना है कि यह नव वर्ष आप सभी के लिए सुख, शांति, समृद्धि, सद्भाव एवं अनंत सफलताओं का वर्ष हो। सबके सम्मिलित प्रयास से सुखी, समृद्ध एवं गौरवशाली बिहार के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।”
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का संदेश
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा—
“समस्त देश व प्रदेशवासियों को #आंग्ल_नववर्ष 2026 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह नूतन वर्ष बिहार के हर गांव, हर शहर और हर परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा लेकर आए। हम सब मिलकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित बिहार के निर्माण के संकल्प को और मजबूती दें—यही कामना है।”
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा की शुभकामनाएं
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने भी नववर्ष पर शुभकामना संदेश जारी करते हुए कहा—
“अंग्रेजी नववर्ष 2026 की समस्त बिहारवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नववर्ष आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए—यही मेरी कामना है।”
नए साल के मौके पर नेताओं के इन संदेशों के साथ ही पूरे देश और प्रदेश में उत्साह, उमंग और नई उम्मीदों के साथ 2026 की शुरुआत हुई है।


