अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने बेटों संग सीएम नीतीश से की मुलाकात, मोकामा की राजनीति में नए संकेत

पटना/मोकामा। बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह से जुड़ी एक अहम राजनीतिक खबर सामने आई है। जेल में बंद अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी अपने दोनों बेटों अंकित सिंह और अभिषेक सिंह के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात करने पहुंची हैं। इस मुलाकात के बाद मोकामा की राजनीति में नई चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

जेल में बंद हैं अनंत सिंह

गौरतलब है कि मोकामा के मौजूदा विधायक अनंत सिंह इन दिनों जेल में बंद हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान पटना पुलिस ने उन्हें एक हत्याकांड में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया था। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मोकामा और आसपास के इलाकों में उनके समर्थक लगातार इस उम्मीद में हैं कि अदालत से फैसला उनके पक्ष में आएगा और ‘छोटे सरकार’ एक बार फिर बाहर आकर सक्रिय राजनीति में लौटेंगे।

बेटों की बढ़ती सक्रियता से उठे सवाल

इसी बीच मोकामा की राजनीति में एक नया संकेत देखने को मिल रहा है। अनंत सिंह के जुड़वां बेटे अंकित और अभिषेक इन दिनों क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। करीब 50 गाड़ियों के काफिले के साथ दोनों भाई मोकामा विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव का दौरा कर रहे हैं। जनता से मुलाकात, हालचाल पूछना, आशीर्वाद लेना और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करना—इन सभी गतिविधियों ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।

‘छोटे सरकार’ की झलक बेटों में

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंकित और अभिषेक का अंदाज-ए-बयान और उनका व्यवहार काफी हद तक अपने पिता अनंत सिंह से मिलता-जुलता है। वही आत्मविश्वास, दबदबा और जनता से सीधा संवाद अब उनके बेटों में भी देखने को मिल रहा है। यही वजह है कि जहां कभी ‘छोटे सरकार जिंदाबाद’ के नारे लगते थे, अब वहां ‘अंकित भैया जिंदाबाद’ और ‘अभिषेक भैया जिंदाबाद’ की आवाजें भी सुनाई देने लगी हैं।

पुराने समर्थक भी साथ

दिलचस्प बात यह है कि अनंत सिंह के पुराने समर्थक और रणनीतिकार भी अब उनके बेटों के साथ नजर आ रहे हैं। वही लोग, जो वर्षों तक ‘छोटे सरकार’ के लिए माहौल बनाते थे, अब अंकित और अभिषेक के साथ सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि अनंत सिंह की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी जमीन पर शुरू हो चुकी है।

पहले भी दे चुके हैं संकेत

पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जब अनंत सिंह से उनके बेटों के राजनीति में आने को लेकर सवाल किया गया था, तब उन्होंने कहा था—
“अभी लड़कवा के उम्र नय हय, अगिला बेरी हो जतय त लड़तय।”
यानी उन्होंने उस वक्त साफ संकेत दिया था कि भविष्य में उनके बेटे राजनीति में आ सकते हैं।

चुनाव में भी रहे थे सक्रिय

हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में भी अंकित और अभिषेक काफी सक्रिय रहे थे। चुनाव के अंतिम चरण में पढ़ाई के सिलसिले में वे लंदन जरूर चले गए थे, लेकिन इसके बावजूद वे वीडियो कॉल के जरिए समर्थकों और स्थानीय नेताओं के संपर्क में बने रहे और चुनावी गतिविधियों पर नजर रखी।

मोकामा की राजनीति नए मोड़ पर

फिलहाल अनंत सिंह भले ही जेल में हों, लेकिन उनकी राजनीतिक मौजूदगी मोकामा में अब भी महसूस की जा रही है। जिस तरह से उनके बेटे लगातार क्षेत्र में सक्रिय हो रहे हैं और अब मुख्यमंत्री से मुलाकात भी सामने आई है, उससे यह साफ है कि मोकामा की राजनीति एक नए मोड़ पर खड़ी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अंकित और अभिषेक औपचारिक रूप से राजनीति में उतरेंगे या यह सक्रियता फिलहाल जनसंपर्क तक ही सीमित रहेगी। इसका जवाब आने वाला वक्त देगा, लेकिन मोकामा की गलियों में चर्चा तेज हो चुकी है—‘छोटे सरकार’ के बाद अब कौन?


 

  • Related Posts

    फॉर्मर आईडी पर सदन में गरमाया मामला, मंत्री बोले—किसी किसान का लाभ नहीं रुका

    Share Add as a preferred…

    Continue reading